
कार्यक्रम का शुभारंभ वंदे मातरम् एवं भाकृअनुप गीत से हुआ। इसके पश्चात समारोह के मुख्य अतिथि डॉ. विचित्रसेन गुप्त, उप निदेशक (कार्यान्वयन), राजभाषा विभाग, गृह मंत्रालय, भारत सरकार, कोलकाता का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया।
समारोह में डॉ. श्रीकान्त सामन्ता, प्रभागाध्यक्ष एवं हिन्दी कक्ष के सर्वकार्याधिकारी ने मुख्य अतिथि, संस्थान के निदेशक, वैज्ञानिकों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों का हार्दिक स्वागत किया। उन्होंने हिन्दी पखवाड़े के आयोजन की प्रासंगिकता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि राजभाषा हिन्दी का प्रयोग केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि कार्यालयीन कार्यों को अधिक सहज, प्रभावी एवं जनोन्मुख बनाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने सभी से अपने दैनिक कार्यों में हिन्दी के अधिकाधिक प्रयोग का आह्वान किया।
इसके पश्चात श्री संजीव कुमार साहू, वैज्ञानिक ने हिन्दी पखवाड़े के दौरान आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों एवं प्रतियोगिताओं की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की। उन्होंने विभिन्न गतिविधियों में अधिकारियों एवं कर्मचारियों की उत्साहपूर्ण सहभागिता का उल्लेख करते हुए हिन्दी के प्रति संस्थान में बढ़ती रुचि एवं सकारात्मक वातावरण को रेखांकित किया। इस अवसर पर विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।



